18.77 ग्राम चिट्टे के मामले में बैंक खातों की जांच से खुलासा, दो और आरोपी गिरफ्तार
अम्ब। थाना अम्ब पुलिस ने 18.77 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) की बरामदगी के मामले में जांच को आगे बढ़ाते हुए बैंक खातों के लेनदेन के आधार पर दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पिछले दिनों अनिल ठाकुर उर्फ कालू को 18.77 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया था।
जांच के दौरान पुलिस ने अनिल ठाकुर के बैंक खातों का विवरण खंगाला, जिसमें कई लेनदेन और अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर होने की जानकारी सामने आई। इन्हीं बैंकिंग लेनदेन की कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस ने विनोद शर्मा उर्फ पघारिया, निवासी कुठेड़ा खेड़ला, अम्ब, उम्र 45 वर्ष और राकेश गुप्ता, निवासी प्रतापनगर, अम्ब, उम्र 37 वर्ष को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार राकेश गुप्ता के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 के तहत कार्रवाई की गई है। दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस चिट्टे की सप्लाई, पैसों के लेनदेन और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
18.77 ग्राम चिट्टे की बरामदगी के बाद बैंक खातों की जांच से सामने आई यह नई कड़ी मामले को एक बड़े नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में अहम मानी जा रही है।
