*मुख्यमंत्री ने युवाओं से किया नशे, नकारात्मकता से दूर रहकर शिक्षा, खेल, कौशल, रोजगार और राष्ट्र निर्माण में ऊर्जा लगाने का आह्वान*
चंडीगढ़, 26 सितंबर — हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को लुधियाना में आयोजित बाबा बागेश्वर धाम सरकार पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री जी की हनुमान कथा में भाग लिया और उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित किया। उन्होंने संकटमोचन हनुमान जी के चरणों में नमन करते हुए पंजाब की पावन धरती तथा गुरु साहिबान की महान परंपरा को भी श्रद्धापूर्वक प्रणाम किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का अवसर अत्यंत विशेष है। यह केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, संस्कार, संस्कृति और सेवा का संगम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हनुमान जी केवल शक्ति के प्रतीक नहीं, बल्कि भक्ति, सेवा, समर्पण, साहस और विनम्रता के भी सर्वोच्च आदर्श हैं। उनके पास अपार शक्ति थी, लेकिन उनमें अहंकार नहीं था। उनमें अद्भुत ज्ञान था, लेकिन दिखावा नहीं था। उनका पूरा जीवन प्रभु श्रीराम की सेवा और लोक-कल्याण के लिए समर्पित रहा।
*युवाओं से नशे से दूर रहने और अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगाने का आह्वान*
मुख्यमंत्री ने युवाओं का आह्वान किया कि वे नशे, निराशा और नकारात्मकता से दूर रहें तथा अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, कौशल, रोजगार, सेवा और राष्ट्र निर्माण में लगाएं। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियां और चुनौतियां जीवन का हिस्सा हैं, लेकिन मजबूत इच्छाशक्ति और आत्मविश्वास के साथ उनका सामना किया जा सकता है। संकट की घड़ी में संकटमोचन हनुमान जी का स्मरण हमें साहस और विश्वास प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि भारत के युवाओं की ऊर्जा देश की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं को अपने जीवन में अनुशासन, परिश्रम, संस्कार और सकारात्मक सोच को अपनाकर देश की प्रगति में योगदान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हमें आधुनिक भी बनना है और अपनी जड़ों से जुड़े भी रहना है। तकनीक हमारे हाथ में हो, लेकिन संस्कार हमारे हृदय में रहें और आधुनिक ज्ञान के साथ बच्चों के जीवन में माता-पिता तथा गुरुजनों के प्रति सम्मान भी बना रहे।
